चुनाव के बारे में जानकारी चाहिए तो 47617500 पर कॉल करें
इस नंबर पर कॉल करने पर दिल्ली निर्वाचन आयोग के नौजवान कर्मचारियों में से एक आपके सवालों का जवाब देगा।
चुनाव के प्रति लोगों में उत्सुकता पैदा करने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू 24 घंटे खुला रहने वाला यह कॉल सेंटर 15 मार्च से काम कर रहा है। यह कॉल सेंटर प्रतिदिन 500 से अधिक सवालों का जवाब दे रहा है।
कश्मीरी गेट में निर्वाचन आयोग के दफ्तर में कॉल सेंटर की देख-रेख करने वाले उदय बक्शी ने कहा कि उनका उद्देश्य लोगों के पास चुनाव के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारियां पहुंचाना है।
बक्शी ने आईएएनएस से कहा, "हम फोन करने वालों को मतदाता सूची, मतदान केंद्रों, नामांकनों आदि के बारे अधिक से अधिक जानकारी उपलब्ध कराने की कोशिश करते हैं।"
उन्होंने कहा कि मतदान के दिन मतदान प्रतिशत और मतगणना के दिन कौन सा उम्मीदवार कितने अंतर से जीता इस संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस कॉल सेंटर में 20 से 25 आयुवर्ग के कर्मचारियों को भर्ती किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications