ओबामा ने अंतरिक्ष यात्रियों से फोन पर बात की
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ओबामा ने स्कूली बच्चों और कांग्रेस के सदस्यों के साथ अंतरिक्ष यात्रियों से फोन पर बात की। बकौल ओबामा अंतरिक्ष यात्रियों के साथ बात करने के लिए कांग्रेस सदस्य भी बच्चों जितने ही उत्साहित थे। ओबामा ने कहा कि अमेरिकी अंतरिक्ष यात्रियों तथा अंतरिक्ष केंद्र के निर्माण और संचालन में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग पर अमेरिका का गर्व है।
ओबामा ने कहा, "जाहिर तौर पर अमेरिकी अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा किए जा रहे कार्यो पर हमें गर्व है।"
उन्होंने कहा कि लेकिन सबसे शानदार बात यह है कि यह एक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र है। उन्होंने कहा कि यहां जापानी और रूसी अंतरिक्ष यात्री भी मौजूद हैं। सहयोग की यह भावना सिर्फ अंतरिक्ष में ही नहीं बल्कि धरती पर भी रहनी चाहिए।
जापान के अंतरिक्ष यात्री कोएची वाकता और रूसी अंतरिक्ष यात्री यूरी लोंचाकोव ने मिशन में अपने देश की भूमिका और वैज्ञानिक प्रयासों में मिलकर काम करने की जरूरत पर जोर दिया ।
बाद में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अंतरिक्ष केंद्र के नए सदस्य वाकता ने कहा, "अंतरिक्ष केंद्र अंदर से काफी बड़ा है और मैं यहां जितना चाहूं वक्त बिता सकता हूं।" वाकता हाल में डिस्कवरी यान में अंतरिक्ष पहुंचे थे। अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सैंड्रा मैगनस डिस्कवरी के साथ धरती पर लौट आएंगी। डिस्कवरी शनिवार को फ्लोरिडा पहुंचने वाला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications