मनमोहन के नाम पर राकांपा की हां, राजद की ना (लीड-1)
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने जहां प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी के लिए मनमोहन सिंह के नाम का समर्थन किया है वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने कहा है कि मनमोहन सिंह कांग्रेस के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं न कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के।
राकांपा महासचिव डी. पी. त्रिपाठी ने आईएएनएस से कहा, "हमने पहले ही मनमोहन सिंह की उम्मीदवारी का समर्थन किया है। मनमोहन सिंह ही संप्रग के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं।"
राकांपा सुप्रीमो शरद पवार की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा के बारे में पूछे जाने पर त्रिपाठी ने कहा, "सवाल ही नहीं उठता।"
उधर, राजद के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में पार्टी के उपनेता देवेन्द्र प्रसाद यादव ने अपने संसदीय क्षेत्र झंझारपुर से फोन पर आईएएनएस से बातचीत में कहा कि राजद के लिए चुनाव बाद की परिस्थिति में तीसरे मोर्चे के साथ जाने का भी विकल्प खुला है।
राजद को संप्रग का घटक दल बताते हुए उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। वे संप्रग के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं।"
उन्होंने कहा कि चुनाव बाद पूरी की पूरी राजनीतिक परिस्थिति ही बदली सी नजर आएगी। इसलिए प्रधानमंत्री का फैसला चुनावी नतीजों के बाद होगा।
यह पूछे जाने पर कि क्या राजद अध्यक्ष व रेल मंत्री लालू यादव अगले प्रधानमंत्री बनेंगे तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, "हम भविष्यवक्ता नहीं है। यह आंकड़ों पर निर्भर करेगा।"
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री के अगले उम्मीदवार के रूप में मनमोहन सिंह के नाम पर मंगलवार को मुहर लगाई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications