केरल में एक मंदिर में पूजा के लिए नारी वेष धारण करते हैं पुरुष
चावारा में स्थित कोट्टनकुलंगारा देवी मंदिर में 19 दिवसीय इस पर्व का गुरुवार को समापन हो जाएगा। पिछले दो दिनों से देखा जा रहा है कि साड़ियों, चुड़ीदार व स्कर्ट में हजारों लोग मंदिर में पूजा करने पहुंच रहे हैं।
मंदिर समिति के एक सदस्य चंद्रमोहन ने कहा कि मंदिर में इस त्योहार में हिस्सा लेने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में हर वर्ष बढ़ोतरी हो रही है।
चंद्रमोहन ने कहा, "मंगलवार की रात मंदिर की ओर से महिला वेषधारी लगभग 4,000 पुरुषों को कूपन दिए गए थे। बुधवार की रात इस संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है।"
इस त्योहार की शुरुआत के पीछे कई कहानियां हैं। लेकिन सबसे लोकप्रिय कहानी लड़कों के एक समूह को लेकर है। ये लड़के गायें चराते थे और लड़कियों का वेष धारण करते थे। वे सभी एक पत्थर पर फूल और नारियल से बना कोट्टन नामक एक व्यंजन चढ़ाते थे।
कहानी में बताया जाता है कि एक बार एक लड़के के सामने देवी प्रकट हुईं और उस स्थान पर मंदिर बन गया। उसी समय से पुरुषों द्वारा नारी वेष धारण कर उस मंदिर में पूजा करने की परंपरा शुरू हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications