बढ़त के साथ बंद हुए बाजार (राउंडअप)
आज की बढ़त में रियल्टी, तेल एवं गैस, धातु और बैंकिंग सेक्टरों के शेयरों का खासा योगदान रहा और लिवाली के चलते इनके सूचकांक तीन से छह फीसदी तक उछल गए। रियल्टी खंड के सूचकांक में छह फीसदी से अधिक की तेजी आई। बुधवार सुबह कारोबार की मिलीजुली शुरुआत करने वाले बाजार दोपहर बाद हुई शार्ट कव्हरिंग की शह पर बढ़त के साथ बंद हुए।
आज के कारोबार में डीएलएफ, जयप्रकाश इंडस्ट्रीज, टाटा पॉवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्च र के शेयरों की कीमतों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई।
बुधवार को स्वीडन की दवा निर्माता कंपनी नोवार्टिस एजी द्वारा अपनी भारतीय ईकाई नोवार्टिस इंडिया की 39 फीसदी तक की हिस्सेदारी खरीदने का खुला प्रस्ताव रखने की घोषणा के बाद उसके शेयरों में लगभग 20 फीसदी का उछाल आया और वे अपर सर्किट के स्तर तक पहुंच गए। मंगलवार शाम 275.60 रुपये पर बंद हुए कंपनी के शेयर बुधवार को 330.70 रुपये तक जा पहुंचे। कंपनी ने जनता को प्रति शेयर 351 रुपये देने की पेशकश की है।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई)का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' मंगलवार के मुकाबले 28.74 अंक गिरकर 9,442.30 पर खुला। कारोबार के अंत में यह 196.86 अंकों की तेजी के साथ 9,667.90 पर था। दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 9,706.47 के उच्चतम और 9,430.45 के निम्नतम स्तर को छुआ।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी बढ़त आई। मिडकैप सूचकांक 21.09 अंक की बढ़त के साथ 2,841.17 पर बंद हुआ। स्मालकैप सूचकांक में 10.01 अंक की तेजी आई और यह 3,155.45 के स्तर पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' 0.10 अंक की तेजी के साथ 2,938.80 पर खुला। कारोबार के अंत में यह 45.65 अंकों की खासी तेजी के साथ 2,984.35 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 2,996.50 के उच्चतम और 2,923.30 के निम्नतम स्तर तक पहुंचा।
बीएसई में दिन का कारोबार सकारात्मक रहा और यहां 1,263 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेजी आई जबकि 1,219 कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications