श्रीलंका में ततैयों ने 20 पर्यटकों को अस्पताल पहुंचाया
कोलंबो, 25 मार्च (आईएएनएस)। श्रीलंका के मध्य में स्थित पांचवी सदी की एक गढ़ी के भीतर ततैयों के झुंड के पर्यटकों पर हमला करने के कारण 20 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुनिया भर से हर वर्ष हजारों पर्यटकों को आकर्षित करने वाली सिगिरिया गढ़ी में ततैयों के हमले के कारण अभी भी कई लोग फंसे हुए हैं।
पुलिस की आरंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि घायलों में दो विदेशी और कुछ स्कूली बच्चे भी हैं।
वायुसेना के प्रवक्ता विंग कमांडर जनका नानायाक्कारा ने आईएएनएस से कहा कि गढ़ी के अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए वायु सेना के जवानों और अधिकारियों का एक दल रवाना किया गया और स्थानीय पुलिस के सहयोग से उनको तत्काल उपचार उपलब्ध कराया।
सिगिरिया महल और गढ़ी दोनों को राजा कश्यप ने पांचवी सदी में बनवाया था और बहुत से लोग उनको दुनिया के आश्चर्यो में गिनते हैं। इसको भारत में अजंता के समान माना जाता है।
इस इलाके में ततैयों की बहुतायत है लेकिन अधिकारी उनको हटाने के लिए रसायन या धुंए का उपयोग नहीं कर सकते। इससे सिगिरिया के प्राचीन भित्ति चित्रों को नुकसान पहुंचने का भय है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications