अब उद्धव ठाकरे के ख़िलाफ़ मामला

चुनाव आयोग ने शिव सेना नेता उद्धव ठाकरे के ख़िलाफ़ मामला दर्ज करने का आदेश दिया है. उन पर प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप है.
आयोग ने उद्धव को एक चुनावी सभा के दौरान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का दोषी ठहराया है. कांग्रेस ने उद्धव ठाकरे के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी.
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख वीरप्पा मोइली ने कहा था कि प्रधानमंत्री ने देश की प्रतिष्ठा और सम्मान को शिखर तक पहुँचाया है. उनका कहना था कि शिव सेना ऐसे बयान अवसाद में आकर दे रही है क्योंकि उन्हें पता है कि उनकी पार्टी हार रही है.
ख़बरें हैं कि एक अन्य मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कराया गया है. उन पर बिना अनुमति सभा करने का आरोप लगाया गया है.
चुनाव नजदीक आते ही नेताओं पर मामले दर्ज होने की संख्या बढ़ने लगी है. उल्लेखनीय है कि वरुण गांधी के भाषण का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है और इस पर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज़ हो गई है.


Click it and Unblock the Notifications