जर्नलिस्ट सौम्या मर्डर केस सुलझा
दिल्ली पुलिस ने इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कॉल सेंटरकर्मी जिगीषा और सौम्या दोनों की हत्या एक ही ग्रुप के लोगों ने की थी। दोनों कत्ल चोरी के मकसद से किया गया था।
गौरतलब है कि टीवी चैनल हेडलाइंस टुडे की पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की पिछले साल सितंबर में हत्या कर दी गई थी। सौम्या उस वक्त देर रात ऑफिस से घर लौट रही थीं। वह अपनी गाड़ी से घर जा रही थीं, लेकिन घर नहीं पहुंची। सुबह सड़क पर उनकी गाड़ी में उनका शव बरामद हुआ था।
पिछले हफ्ते हुई जिगीषा की हत्या का मामला भी सौम्या से काफी मिलता-जुलता था। जिगीषा भी देर रात घर के बाहर तक पहुंचीं और अचानक गायब हो गईं। दो दिन बाद उनका शव बरामद हुआ। पुलिस दावा कर रही है कि ये दोनों मामले एक जैसे हैं और हत्यारे भी वही हैं।
गिरफ्तार आरोपियों ने नाम हैं- रवि, अमित और बॉबी। रवि इस गिरोह का सरगना है और इन सभी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस गिरोह का पेशा गाड़ी चुराना है। इन लोगों ने जिगिषा को 18 मार्च की सुबह किडनैप किया और उसे महिपालपुर ले गए।
आरोपियों ने जिगिषा का मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी और उसके बाद उसका एटीएम व क्रेडिट कार्ड छीनकर क्रेडिट कार्ड से 35 हजार की घड़ी, एलसीडी टीवी और जूते खरीदे। एटीएम से कुल 25 हजार रुपये भी निकाले।
जिसके दौरान वहां सीसीटीवी में उनके चेहरे कैद हो गए। पुलिस ने उसी सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीनों लोगों को गिरफ्तार किया है।