सौम्या और जिगिशा की हत्या की गुत्थी सुलझी, 4 गिरफ्तार
नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को टेलीविजन पत्रकार सौम्या विश्वनाथन और कॉल सेंटर कर्मी जिगिशा की हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया। इस सिलसिले में चार व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
जिगिशा का शव गत शुक्रवार को बरामद किया गया था जबकि सौम्या की गत 30 सितंबर को हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार और वाहन बरामद करने का दावा करते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया,"कत्ल की दोनों गुत्थियां सुलझ गई हैं। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हमने हथियार और वाहन भी जब्त कर लिए हैं। उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने के लिए हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं।"
सौम्या (25वर्ष)गत 30 सितंबर को तड़के करीब 3.30 बजे दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज क्षेत्र में अपनी कार में मृत पाई गई थी।
जिगिशा घोष(28 वर्ष)मंगलवार को नोएडा स्थित अपने कार्यालय गई थी और लौटकर नहीं आई। शुक्रवार रात फरीदाबाद पुलिस ने उसका शव सूरजकुंड से तीन किलोमीटर की दूरी पर बरामद किया।
अधिकारियों ने बताया कि हत्याओं का मकसद लूटपाट मालूम पड़ता है। हमलावरों ने घोष के एटीएम कार्ड के माध्यम से उसके खाते से 77000 रुपये निकलवाए।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। गिरोह का एक सदस्य अभी तक फरार है।
मामलों का विवरण जल्द ही जारी किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications