राजग की रैली की झलकियां
मथुरा, 24 मार्च (आईएएनएस)। मथुरा में मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की चुनावी रैली की कुछ झलकियां :
'कन्यादान देते-देते मर जाओगे' :
राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष अजीत सिंह मायावती सरकार पर हमला बोल रहे थे। मायावती के भ्रष्टाचार और कुशासन का जिक्र करते हुए अजीत सिंह ने कहा कि बहनजी के भ्रष्टाचार और उनकी गुंडागर्दी का आतंक तो पहले से रहा है, लेकिन अब उनके जन्म दिन का आतंक मचा हुआ है। सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि अभी तो जन्मदिन के नाम पर ही वसूली हो रही है, जिस दिन बहनजी ने शादी कर ली तो कन्यादान देते-देते मर जाओगे।
अटल को पुष्पांजलि :
राजग की रैली के लिए बनाए गए मुख्य मंच पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय, चौधरी चरण सिंह और अटल बिहारी वाजपेयी की बड़ी-बड़ी तस्वीरें लगाई गई थीं। लालकृष्ण आडवाणी, राजनाथ सिंह, अजीत सिंह, अरुण जेटली और संगठन महामंत्री रामलाल के आने के बाद चौधरी चरण सिंह और दीनदयाल उपाध्याय को पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। लेकिन नेताओं ने अटलजी को भी लगे हाथ पुष्पांजलि अर्पित कर दी।
जब जेटली बने भाजपा अध्यक्ष :
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और पार्टी महासचिव अरुण जेटली के बीच सुधांशु मित्तल की नियुक्ति को लेकर अच्छा खासा विवाद मचा था। हाल ही में जेटली राजनाथ सिंह के घर भी पहुंचे थे। लेकिन मथुरा में आयोजित रैली में उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब कार्यक्रम संचालक ने जेटली को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष कह कर संबोधित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications