केवल कांग्रेस ही आतंकवाद से निपट सकती है: घोषणापत्र
घोषणापत्र में कहा गया है कि कांग्रेस भारत की विदेश नीति को स्वतंत्र रखने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस ने भाजपा की विदेश नीति की आलोचना करते हुए घोषणापत्र में दावा किया है कि कांग्रेस की अगुआई में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार ने सशक्त कूटनीति के जरिए पाकिस्तान को पहली बार यह स्वीकार करने के लिए बाध्य किया कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में हुए आतंकवादी हमले में पाकिस्तानी नागरिक शामिल थे।
कांग्रेस घोषणापत्र के अनुसार, "यह .हमारी कूटनीति की बड़ी सफलता थी।"
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यह घोषणापत्र जारी किया।
आतंकवाद के मुद्दे पर भाजपा के अभियान की हवा निकालने के लिए पार्टी ने आक्रामक रवैया अपनाया है। कांग्रेस के घोषणापत्र में कहा गया है, "केवल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ही आतंकवाद की समस्या से निर्णायक ढंग से निपट सकती है।.यह स्पष्ट है कि आतंकवाद के खिलाफ बिना किी डर अथवा पक्षपात के लगातार लड़ना होगा।"
घोषणापत्र में कहा गया है, "पार्टी स्वतंत्र और भारतीय हितों का संवर्धन करने वाली विदेश नीति जारी रखेगी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के लिए राष्ट्रीय हित सर्वोपरि हैं और इनके संवर्धन के लिए पार्टी ने देश के भीतर और बाहर कई प्रकार की आलोचनाओं और विरोध को झेला है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications