नैनो की बुकिंग के लिए लखनऊ में खोला गया सुविधा केंद्र
मंगलवार को लखनऊ में एसबीआई की सागर शाखा में नैनो सुविधा केंद्र का उद्घाटन करते हुए एसबीआई के लखनऊ परिक्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक शिव कुमार ने संवादताताओं को बताया कि नैनो की बुकिंग के लिए शुरू किया गया यह सुविधा केंद्र सातों दिन और 24 घंटे खुला रहेगा। किसी भी समय लोग फार्म प्राप्त कर सकते हैं अथवा जमा कर सकते हैं।
कुमार ने कहा कि एसबीआई ने एक हेल्प लाइन भी शुरू की है, जिस पर लोग किसी भी समय फोन करके नैनो और उसके लिए ऋण से संबंधित सारी जानकारियां ले सकेंगे। इसके साथ ही एसबीआई की एसएमएस सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे लोग नैनो से जुड़ी सूचनाएं ले सकते हैं।
कुमार के मुताबिक आगामी नौ अप्रैल से प्रदेश के 70 शहरों में बैंक की 120 शाखाओं में नैनो के बुकिंग फार्म मिलेंगे। लखनऊ शहर की नौ शाखाओं में यह सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि महिला ग्राहकों के लिए लखनऊ की वसुंधरा और सागर शाखाओं में खास काउंटर बनाया गया है। जल्द ही कानपुर, इलाहाबाद,वाराणसी, बरेली और मुरादाबाद की शाखाओं में भी महिलाओं के लिए अलग काउंटर बनाए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications