दक्षिण अफ्रीका में जड़ें जमाने के लिए प्रयासरत हैं भारतीय कपड़ा व्यवसायी
जोहांसबर्ग/केपटाउन, 24 मार्च (आईएएनएस)। लगभग 20 से अधिक भारतीय वस्त्र निर्माता और निर्यातक कंपनियां इन दिनों दक्षिण अफ्रीका में एक व्यापार मेले में अपने डिजाइनर कपड़ों एवं अन्य उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस बीच भारत ने यह भी कहा है कि वह दक्षिण अफ्रीका के वस्त्र उद्योग की उत्पादकता और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायता करना चाहता है।
भारतीय वस्त्र सचिव रीता मेनन ने बीते सप्ताहांत केपटाउन में इंडिया क्लाथिंग एंड टेक्सटाइल मेगा ट्रेड शो के पहले चरण में ये बातें कहीं। व्यापार मेले का दूसरा चरण इस समय जोहांसबर्ग के सैंडटॉन कन्वेंशन सेंटर में चल रहा है।
इस व्यापार मेले में महिलाओं के परिधान, पुरुष परिधान, बच्चों के पहनने के कपड़े, फैशनेबल कपड़े, घरेलू वस्त्र आदि प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
भारत की वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषद की ओर से आयोजित इस व्यापार मेले की स्थानीय आयोजक डीड्री हार्ट ने आईएएनएस को बताया, "हमने केपटाउन और जोहांसबर्ग दोनों स्थानों पर कम से कम 400-400 लोगों के आने की उम्मीद की थी लेकिन अकेले केपटाउन में ही 780 लोग शो में पहुंचे। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications