अवसरवादी हैं आडवाणी : मनमोहन
नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी को 'अवसरवादी' करार देते हुए मंगलवार को कहा कि 'राष्ट्र कल्याण' में उनका एकमात्र योगदान बाबरी मस्जिद विध्वंस में उनकी भूमिका है।
आडवाणी की ओर से लगातार की जा रही कांग्रेस की आलोचना पर टिप्पणी करने के लिए कहे जाने पर प्रधानमंत्री ने पलटवार करते हुए कहा भाजपा नेता ने 1992 में अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढहाकर ही प्रमुख भूमिका निभाई थी जिसकी वजह से हिंदू-मुस्लिम हिंसा भड़क उठी थी।
कांग्रेस पार्टी का घोषणापत्र जारी करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में प्रधानमंत्री ने आडवाणी पर निशाना साधते हुए कहा , "राष्ट्र कल्याण में उन्होंने क्या योगदान दिया है?"
मनमोहन ने कहा, "जब वह गृहमंत्री थे, संसद पर आतंकवादी हमला हुआ।" उन्होंने कहा कि इसकी वजह से सीमा पर फौज का बड़ी संख्या में जमावड़ा किया गया।
उन्होंने कहा,"बिना किसी नतीजे के हमने सेना को वापस बुला लिया। संसद पर हमला हुआ, लालकिले पर हमला हुआ, इंडियन एयरलाइंस का विमान अगवा हुआ और आतंकवादियों को रिहाकर उन्हें पुरस्कृत किया गया। यह आडवाणी का रिकार्ड है।"
उन्होंने कहा, "जब गुजरात में मासूमों को नरसंहार हुआ, वह गृहमंत्री थे। देश को बताना चाहिए कि क्या वह प्रधानमंत्री पद संभालने के लिए उपयुक्त हैं।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि आडवाणी को कट्टर हिंदू के रूप में देखा जाता रहा है लेकिन पाकिस्तान जाने पर उन्होंने अवसरवादिता का परिचय दिया। "वहां अचानक उन्होंने मोहम्मद अली जिन्ना के नए गुणों को खोज निकाला। जब वे लौटे तो उनकी पार्टी ने उन्हें ठुकरा दिया, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में उनके आकाओं ने उन्हें ठुकरा दिया और उनके बहुत से सहयोगियों ने उन्हें ठुकरा दिया।"
उन्होंने कहा, "वे सशक्त इंसान हैं या कमजोर इंसान हैं, रिकार्ड्स को स्वयं बताने दीजिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications