चुनाव आयोग करेगा गोगोई के खिलाफ शिकायत की सुनवाई
गुवाहाटी, 24 मार्च (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई द्वारा चाय उद्योग से कथित रूप से 'राजनीतिक चंदा' प्राप्त करने के मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की गई है।
चुनाव आयोग गोगोई के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन मामले की सुनवाई करेगा। असम की मुख्य विपक्षी पार्टी असम गण परिषद (अगप) ने सोमवार को निर्वाचन आयुक्त नवीन चावला के समक्ष इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
अगप ने गोगोई पर पद का दुरूपयोग करने का आरोप लगाया था। अगप नेता कमला कालिता ने मंगलवार को आईएएनएस से कहा कि निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि आयोग गुरुवार को मामले की सुनवाई करेगी।
कलिता और पार्टी के अन्य नेताओं ने सोमवार को चावला से मुलाकात की थी। चावला राज्य में चुनाव पूर्व सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने दो दिवसीय दौरे पर असम आए थे।
कलिता ने कहा, "राजनीतिक चंदा स्वीकार्य है लेकिन इस मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय का दुरुपयोग किया गया है, मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया है कि उन्होंने चुनाव के लिए चाय उद्योग से पैसे लिए हैं।"
गोगोई विवाद में उस समय फंसे जब उन्होंने गुवाहाटी में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि पिछले सप्ताह वह कोलकाता में थे और उन्होंने चुनाव के लिए धन लिया।
गोगोई ने कहा था, "हां, मैंने पार्टी के लिए चेक से पैसा लिया था। राजनीतिक चंदा लेना कोई गलत काम नहीं है। चुनाव के समय में सभी राजनीतिक दल व्यापारिक घरानों से पैसे लेते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications