मध्य प्रदेश में दलित की मौत पर चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पचौर थाने के बोडा गांव के निवासी बन्ने सिंह ने अपने ही घर में आग लगा दी थी। बन्ने की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। बन्ने सिंह के पास से चाकू भी मिला था। पचौर के थाना प्रभारी सीताराम यादव ने आईएएनएस को बताया है कि बन्ने सिंह को पुलिस निजी वाहन से जब सारनपुर न्यायालय ले जा रही थी तभी वह चलते वाहन से कूद गया। गंभीर रूप से घायल बन्ने सिंह को इन्दौर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रविवार की देर रात उसकी मौत हो गई।
राजगढ़ के पुलिस अधीक्षक दिलीप आर्य ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया है कि राजगढ़ के कलेक्टर ने इस प्रकरण की मजिस्ट्रेट से जांच का आदेश दिया है। उपनिरीक्षक विजय सिंह, प्रधान आरक्षक राम चरण और आरक्षक नन्द सिंह व जय सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications