आयोग ने वरुण को अयोग्य ठहराया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश की पीलीभीत सीट से लोकसभा प्रत्याशी वरुण गांधी को चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी ठहराते हुए चुनाव आयोग ने रविवार को यह स्प्ष्ट कर दिया कि वरुण गांधी प्रत्याशी होने की योग्यता नहीं रखते। आयोग ने भाजपा से कहा है कि वह उनकी उम्मीदवारी वापस ले ले।
आयोग की ओर से देर शाम जारी एक आधिकारिक बयान में साफ शब्दों में कहा गया है, "चुनाव आयोग की राय में वरुण गांधी वर्तमान लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनने की योग्यता नहीं रखते।" आयोग के मुताबिक, "वरुण गांधी द्वारा दिए गए दो भाषणों में अति आपत्तिजनक संदर्भ शामिल हैं। उसमें एक खास समुदाय के खिलाफ पूरी तरह से अस्वीकार्य प्रकृति की अति उत्तेजक भाषा का इस्तेमाल किया गया है।"
आदेश में कहा गया है, "आयोग इन भाषणों को चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन मानता है। इसके साथ ही आयोग इसे विभिन्न समुदायों के बीच नफरत की भावना भड़काने वाला मानता है।"
आदेश में आगे कहा गया है, "भाजपा या किसी अन्य पार्टी द्वारा वरुण को प्रत्याशी बनाया जाना यह साबित करेगा कि वे पार्टियां भी भारतीय नागरिकों के विभिन्न समुदायों के बीच नफरत की भावना भड़का कर हिंसा को प्रोत्साहित करना चाहती हैं और देश के लोकतांत्रिक, सामाजिक व धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को नष्ट करना चाहती हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications