सीआरपीएफ को और ताकतवर बनाने की कोशिश : गिल
ग्वालियर, 23 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशक ए़ एस़ गिल ने बताया कि सीआरपीएफ को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने के साथ ही आतंकवादियों और नक्सलवादियों से निपटने में सक्षम बनाने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 बटालियन को दिया जाना है, दो प्रशिक्षणरत है और आठ को आगामी समय में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सीमा सुरक्षा बल की टेकनपुर स्थित अकादमी में आयोजित कमान्डो प्रतियोगिता का उद्घाटन करने आए गिल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि सीआरपीएफ को और सक्षम व प्रभावकारी बनाने की कोशिशें जारी हैं। उसी क्रम में 10 बटालियन को जंगी (फाइटर) बनाया जा रहा है। पहले चरण में दो बटालियन के जवान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके बाद दो अन्य चरणों में चार-चार बटालियनों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इतना ही नहीं सीआरपीएफ को आधुनिक संसाधनों से भी सुसज्जित किया जा रहा है।
केंद्रीय बल और सेना की वेतन विसंगतियों के संदर्भ में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर विचार कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications