नैनो से पूरा होगा कार का सपना
भोपाल, 23 मार्च (आईएएनएस)। टाटा मोटर्स द्वारा लखटकिया कार नैनो के लांच किए जाने के साथ ही मध्यम वर्ग फूला नहीं समा रहा है, क्योंकि अब उसे अपने कार के सपने के पूरा होने की उम्मीद जो जाग गई है। महंगी कारों के बाजार में नैनो का प्रवेश उस वर्ग के लिए खुशखबरी है जो कार का सपना देखा करते थे।
होटल व्यवसायी लक्ष्मीनारायण का मानना है कि नैनो के आ जाने से वे जल्दी ही अपनी उस इच्छा को पूरा कर सकेंगे जो वे वषों से चाह कर भी पूरा नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि कार की बात आते ही दो लाख से अधिक की रकम का इंतजाम करना मुश्किल नजर आता था, मगर लखटकिया कार नैनो के आने से लगता है कि वे भी जल्दी ही कार मालिकों की श्रेणी में आ जाएंगे।
कम्प्यूटर व्यवसायी आशीष शर्मा नैनो को मध्यम वर्ग के लोगों के लिए सौगात से कम नहीं मानते। वे कहते हैं कि दुपहिया वाहन 50 हजार के आते हैं, ऐसे में नैनो का बाजार में आना खुशखबरी है। आने वाले समय में दुपहिया की चाहत रखने वाले भी कार के मालिक हो सकेंगे। यह संभव हो सकेगा टाटा मोटर्स की नैनो कार के जरिए।
एक निजी बीमा कम्पनी के अधिकारी अतुल चतुर्वेदी टाटा मोटर्स की नैनो कार के बाजार में आने को मध्यम वर्ग के लिए सुखद करार देते हैं। उनका मानना है कि जो लोग वषरें से कार खरीदने की योजनाएं बनाते आए हैं उनके लिए नैनों के जरिए योजना को मूर्त रूप देना आसान हो जाएगा। इतना ही नहीं नैनों के आने से सड़कों पर कार की संख्या में भी बेतहाशा इजाफा होगा जो यातायात के लिए मुसीबत भी खड़ा कर सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications