सोनिया ने तीसरे मोर्चे, भाजपा को बनाया निशाना (लीड-2)
दावनगेर (कर्नाटक), 23 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को पार्टी के चुनाव अभियान की शुरूआत तीसरे मोर्चे की खिल्ली उड़ाते हुए की।
उन्होंने कहा कि जितनी पार्टियों ने मिलकर मोर्चे का गठन किया है उससे अधिक प्रधानमंत्री पद के दावेदार इसमें हैं और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोगों को विभाजित करके वोट हासिल करना चाहती है।
कर्नाटक के दावनगेर कस्बे में पार्टी द्वारा आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने सबसे पहले तीसरे मोर्चे पर निशाना साधते हुए साधा," हमें नहीं पता कि कौन सी पार्टियां तीसरे मोर्चे से संबंधित हैं। कैसे और कब वे मिलीं। तीसरे मोर्चे में जितनी पार्टियां नहीं हैं उससे अधिक प्रधानमंत्री पद के दावेदार हैं।"
रैली को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा कि भारत जैसे देश को ऐसी पार्टियां नहीं चला सकती। देश को स्थिरता, अनुभव और मनमोहन सिंह जैसी क्षमता चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोगों ने पहले देखा है कि जब भी एक गैर कांग्रेसी सरकार सत्ता में आई, देश कमजोर हुआ और अस्थिरता बढ़ी।
उन्होंने विपक्षी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर भी निशाना साधते हुए विकास का वादा किया।
सोनिया ने कहा, "आपको तय करना है कि आप कौन सी नीति पसंद करते हैं। आपके एक हाथ में कांग्रेस है जिसने देश को विकास के रास्ते पर लाया है। दूसरे हाथ में भाजपा है जिसके शासन काल में हर कोई परेशान हुआ।"
उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए उस पर आरोप लगाया कि वह सांप्रदायिक ताकतों को बढ़ावा देने के साथ भारतीय लोकतंत्र की नींव को कमजोर कर रही है।
इससे पहले कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष आर. वी. देशपांडे ने आईएएनएस से यहां कहा, "राज्य के बीचोंबीच स्थित दावनगेर हमारे लिए महत्वपूर्ण है। यह वही जगह है जहां से वर्ष 1999 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रचार अभियान की शुरुआत की थी, जिस कारण हम राज्य की सत्ता में लौटे थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications