चीन:'हिंसा' के बाद 93 भिक्षु गिरफ़्त में

शिन्हुआ समाचार एजेंसी के मुताबिक इन भिक्षुओं को तब पकड़ा गया जब करीब 100 लोगों की भीड़ ने एक पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया.
एजेंसी ने अधिकारियों के हवाले से लिखा है कि पुलिसकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों के साथ हाथापाई हुई.
माना जा रहा है कि तिब्बत की आज़ादी की माँग करने वाला एक भिक्षु जेल से फ़रार हो गया और उसी के बाद से तनाव चल रहा था.
चीनी अधिकारियों के मुताबिक भिक्षु शनिवार को फ़रार हुआ और अब भी लापता है. लेकिन एक तिब्बती वेबसाइट के मुताबिक उस भिक्षु ने नदी में कूदकर जान दे दी है.
शिन्हुआ के मुताबिक छह लोगों को पकड़ा गया है और 89 लोगों ने आत्मसमर्पण किया है और इन में से केवल दो ही ला गयाब मठ के भिक्षु हैं.
तिब्बती इलाक़ों से ख़बरों की पुष्टि करना मुश्किल है क्योंकि तिब्बत में विदेशियों को जाने की अनुमति नहीं है. चीनी शासन के ख़िलाफ़ असफल तिब्बती संघर्ष की पिछले हफ़्ते 50वीं वर्षगाँठ थी.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि चीनी अधिकारियों ने विशेष क़दम उठाए हैं ताकि इस तारीख़ के आसपास प्रदर्शन न हो.


Click it and Unblock the Notifications