चम्बल में छोटी रेल लाइन को बडा मुद्दा बनाने के फेर में आचार संहिता को भूल गई भाजपा
ग्वालियर से श्योपुर तक की नैरोगेज रेल लाइन को ब्रॉडगेज में बदलने की मांग को लेकर रविवार को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव प्रभात झा ने कार्यकर्ताओं के साथ रेल सत्याग्रह किया। दोनों नेताओं का सभी रेलवे स्टेशनों पर जोरदार स्वागत हुआ। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, पार्टी के झंडे लहराए और पार्टी के नेता ट्रेन रूकने पर भाषण देने में भी पीछे नहीं रहे।
मुरैना से कांग्रेस के उम्मीदवार राम निवास रावत ने तोमर तथा झा पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत भी की है। वहीं मुरैना के कलेक्टर एम़ क़े अग्रवाल के मुताबिक उन्होंने अपने पूरी यात्रा की वीडियो शूटिंग कराई है और उसे देखने के बाद ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को अपनी रिपोर्ट भेजेंगे। रेलवे स्टेशनों पर विशेष नजर रखने के लिए उन्होंने रेलवे प्रशासन को भी निर्देश दिए थे। उनका कहना है कि अगर रेलवे स्टेशनों पर आचार संहिता का उल्लंघन हुआ होगा तो उस पर कार्रवाई रेलवे प्रशासन को ही करना है।
झांसी के रेल मंडल प्रबंधक पंकज कुमार ने आईएएनएस को बताया है कि मुरैना कलेक्टर के पत्र के आधार पर उन्होंने ग्वालियर से मुरैना तक के छोटी रेल लाइन पर पड़ने वाले स्टेशनों पर पोस्टर तथा बैनर आदि नहीं लगने दिए। साथ ही रेल प्रशासन ने भाजपा की इस यात्रा पर पूरी नजर रखी। ग्वालियर से श्योपुर के बीच के रेलवे स्टेशनों पर आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने के संदर्भ में पार्टी का पक्ष जानने के लिए प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और राष्ट्रीय सचिव प्रभात झा से संपर्क किया गया तो वे उपलब्ध नहीं हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications