जेड गुडी की मौत, श्रद्धांजलियों का तांता (राउंडअप)
लंदन, 22 मार्च (आईएएनएस)। ब्रिटेन की सबसे लोकप्रिय टीवी कलाकार बनने के सात वर्षो बाद जेड गुडी की रविवार को नींद की अवस्था में मौत हो गई। गुडी की मौत की खबर आने के साथ ही दुनिया भर से उनके लिए श्रद्धांजलियों का तांता लग गया।
गुडी (27) गर्भाशय के कैंसर से पीड़ित थीं। उन्होंने दक्षिण पूर्व इंग्लैंड में अपशायर नामक गांव में स्थित अपने आवास पर तड़के 3.14 बजे अंतिम सांस ली।
गुडी के प्रचारक मैक्स क्लिफोर्ड ने ्र कहा कि मौत के समय गुडी की मां जैकी बुडेन, उनके पति जैक ट्वीड और पारिवारिक मित्र केविन एडम्स उनके पास मौजूद थे।
गुडी की मां ने कहा, "मेरी खूबसूरत बेटी शून्य में विलीन हो गई।"
क्लिफोर्ड ने कहा कि यह अपने आप में एक संयोग है कि गुडी की मौत मदर्स डे पर हुई है।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन ने अपनी श्रद्धांजलि में कहा कि गुडी एक साहसी महिला थीं।
ब्राउन ने कहा, "जीवन और मौत, दोनों क्षणों में वह एक साहसी महिला साबित हुईं हैं। पूरा देश उनके बच्चों को सुनहरा भविष्य उपलब्ध कराने के उनके निश्चय के प्रति आकर्षित हुआ है।"
ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने कहा, "जो भी उन्हें जानता है वह उन्हें आदर के साथ याद रखेगा। उनका परिवार गर्भाशय के कैंसर के बारे में जागरूकता लाने के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य के लिए अपने को अति गौरवान्वित महसूस कर सकता है।"
गुडी, टीवी कार्यक्रम 'बिग ब्रदर' के भारतीय संस्करण में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने भारत आई थीं। वह अपने इलाज के लिए कार्यक्रम के बीच में ही स्वदेश वापस लौट गईं। लेकिन उनका रोग लीवर तक फैल गया था।
हिंदी फिल्मों की अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने अपनी मित्र गुडी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। लेकिन शिल्पा इस बात से खुश हैं कि गुडी को पीड़ा से मुक्ति मिल गई।
शिल्पा ने लंदन से ई-मेल के जरिए आईएएनएस से कहा, "मैं गुडी की मौत की खबर से बहुत दुखी हूं, लेकिन साथ ही मुझे इस बात की खुशी है कि गुडी को पीड़ा से मुक्ति मिल गई और वह नींद की अवस्था में दुनिया को छोड़ कर चली गईं। अपने दुख को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं, लेकिन उनके प्रति मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि।"
शिल्पा बीमार गुडी से मिलने के लिए 15 मार्च को ही लंदन पहुंच गई थीं, लेकिन गुडी की खराब हालात के कारण वह उनसे न मिल सकी थीं।
गुडी ने पिछले महीने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा था कि वह भारत से मिले प्रेम से अपने आप को बहुत सम्मानित महसूस करती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications