बिहार में संप्रग के घटक दलों में बढ़ी तल्खियां (राउंडअप)
कांग्रेस के खिलाफ अपना रुख कड़ा करते हुए राजद प्रमुख और रेलमंत्री लालू प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी पार्टी औरंगाबाद, सासाराम और मधुबनी से भी उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि राजद के उम्मीदवारों को इन तीनों सीटों पर रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) का भी समर्थन मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि 2004 के लोकसभा चुनाव में उपरोक्त तीनों सीटों पर कांग्रेस के निखिल कुमार, मीरा कुमार और शकील अहमद ने चुनाव जीता था। लालू ने कांग्रेस को ये तीनों सीट जीतने की चुनौती भी दी।
बिहार में संप्रग के घटक दलों के बीच सीटों का तालमेल न होने के लिए लालू ने कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा कि बिहार की 37 सीटों पर चुनाव लड़ने का कांग्रेस का फैसला बेवकूफी भरा है। वह अपना संगठन मजबूत करना चाहती है तो उसे अपनी किस्मत आजमा लेने दीजिए।
लालू की इस घोषणा के बाद रविवार को स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस का बिहार और उत्तर प्रदेश में किसी से कोई गठबंधन नहीं होगा। दोनों राज्यों से लोकसभा की 120 सीटें आती हैं।
बिहार और झारखंड में चुनाव प्रचार के लिए रवाना होने से पहले लालू ने कहा कि राजद और लोजपा झारखंड में भी मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
गौरतलब है कि राजद और लोजपा ने बिहार की 40 संसदीय सीटों में से 37 को आपस में बांट लिया और केवल तीन सीटें कांग्रेस के लिए छोड़ी। इससे जवाब में कांग्रेस ने बिहार में 37 सीटों से उम्मीदवार उतारने की घोषणा की और झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन कर झारखंड में राजद के लिए केवल दो सीटें छोड़ीं।
इसी बीच, कांग्रेस महासचिव एम.वीरप्पा मोइली ने कहा है कि बिहार की उन तीन सीटों पर उनकी पार्टी का उम्मीदवार उतारने का कोई इरादा नहीं है जिनमें से दो पर लालू प्रसाद और एक पर रामविलास पासवान उम्मीदवार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications