संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त ने भारतीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की (लीड-1)
नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार मामलों की उच्चायुक्त नेवी पिल्लई अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा पर रविवार को दिल्ली पहुंचीं और उन्होंने यहां के मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के साथ श्रीलंका की स्थिति पर चर्चा की।
नेपाल के दौरे से सीधे भारत पहुंची पिल्लई विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी और गृह मंत्री पी. चिदंबरम से भी मुलाकात करेंगी। वह राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के तत्वावधान में एक व्याख्यान देंगी तथा न्यायपालिका के लोगों से मुलाकात करेंगी।
एक सूत्र के मुताबिक अपने नेपाल दौरे के दौरान पिल्लई ने नेपाल के राष्ट्रपति रामबरन यादव और प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल प्रचंड के साथ अलग-अलग मुलाकात की।
पिछले वर्ष सिंतबर महीने में पदासीन होने के बाद पिल्लई की यह पहली एशिया यात्रा है।
पिल्लई ने नेपाल में मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (ओएचसीएचआर) द्वारा संचालित किए जा रहे कार्यो का सर्वेक्षण किया।
नई दिल्ली पहुंचने के बाद पिल्लई ने यहां पीपुल्स युनियन फॉर सिविल लिबर्टीज (पीयूसीएल) के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इन कार्यकर्ताओं में पीयूसीएल के अध्यक्ष के.जी.कन्नाब्रियन तथा एस.बालामुरुगन व वी.सुरेश भी शामिल थे।
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने श्रीलंका में युद्ध क्षेत्र में फंसे बेगुनाह नागरिकों के मसले पर चिंता जाहिर की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications