रिएलिटी टीवी की सबसे बड़ी स्टार थीं गुडी
गुडी टीवी पर इतनी सहज दिखती थीं कि ऐसा लगता था मानों उनका जन्म ही टीवी पर दिखने के लिए हुआ था। गर्भाशय के कैंसर का पता चलने से लेकर अपने अंतिम दिनों तक गुडी ने अपने सभी दुश्मनों के साथ शांति-समझौता किया।
गुडी को भारत में आयोजित होने वाले रिएलिटी कार्यक्रम के दौरान कैंसर का पता चला था। उनका जन्म 1981 में एंड्रयू गुडी और जैसी बडन के घर में हुआ था।
शुरुआत में उनके माता-पिता का रिश्ता काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा लेकिन गुडी के जन्म के कुछ वर्षो बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया।
रिएलिटी कार्यक्रम 'बिग ब्रदर 3' की मदद से वर्ष 2002 में पहली बार टीवी पर दिखाई देने से पहले गुडी ने डेंटल नर्स के रूप में काम किया था।
इसी के साथ गुडी और टीवी के बीच जो अटूट रिश्ता बना था, वह उनकी मौत तक कायम रहा। रिएलिटी शो कार्यक्रमों के माध्यम से लोकप्रियता हासिल करने के बाद गुडी ने अपने साथी कलाकार जेफ बैरिजर से शादी की।
दो बच्चों की मां गुडी ने कई फिटनेस डीवीडी जारी किए। उन्होंने न सिर्फ अपना ब्यूटी सैलून खोला बल्कि अपनी जीवनी-'जेड-माइ ऑटोग्राफी' भी लिखी। उनकी जीवनी 2006 में प्रकाशित हुई थी। इसके बाद गुडी ने अपने नाम पर परफ्यूम जारी किया। उन्होंने इसे 'शश.जेड गुडी' नाम दिया।
वर्ष 2007 में गुडी अपने करियर के सबसे बड़े विवाद में उलझीं, जब उन्होंने 'सेलीब्रेटी बिग ब्रदर' कार्यक्रम के दौरान शिल्पा के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी की थी।
इसके बाद हालांकि गुडी ने शिल्पा के साथ संबंध सुधारने के कई प्रयास किए। भारत जाकर गरीब बच्चों की मदद करना उनके इसी प्रयास के तहत उठाया गया एक कदम था।
पिछले साल वह 'बिग बॉस' कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए भारत गई थीं लेकिन कैंसर का पता चलने के बाद वह इलाज के लिए स्वदेश लौट आई थीं। यह उनके करियर का अंतिम रिएलिटी कार्यक्रम था।
भारत में रहने के दौरान गुडी ने हिंदी सीखने के अलावा भारतीय नृत्य शैली सीखे की कोशिश की। 'बिग बास' कार्यक्रम के दौरान उन्हें 'गुड़िया' की संज्ञा दी गई थी।
अपने जीवन के अंतिम क्षणों में गुडी ने कहा था, "मुझे इतनी कम उम्र में मरने का अफसोस है लेकिन मुझे इस बात की खुशी है कि छोटी सी उम्र में ही मैंने काफी कुछ हासिल किया। मुझे इस बात का गर्व है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications