तीन जवान लापरवाही के दोषी पाए गए

भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर में दो ग्रामीणों की हत्या के मामले में सैन्य अदालत ने तीन जवानों को लापरवाही का दोषी ठहराया है. रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "जाँच में एक जूनियर अधिकारी और दो जवानों को दोषी पाया गया है."
ये घटना 21 फ़रवरी की है. उस दिन बुमाई गाँव में जवानों की फ़ायरिंग में दो लोग मारे गए थे और एक व्यक्ति घायल हो गया था. सेना की आंतरिक जाँच में कहा गया है, "जेसीओ अपेक्षित दिशा-निर्देश देने में विफल रहे, वहीं दो जवान घटना के दौरान हथियारों के इस्तेमाल में संयम नहीं बरत सके."
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि तीनों सैनिकों के ख़िलाफ़ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं. हालाँकि रक्षा मंत्रालय के नोट में ये नहीं बताया गया है कि किसकी गोली से और किन परिस्थितियों में दोनों ग्रामीण मारे गए.
गोलीबारी की घटना के बाद बुमाई गाँव और आस-पास के इलाक़ों में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए थे. राज्य सरकार ने घटना की जाँच मजिस्ट्रेट से कराने के आदेश दिए थे. इसमें सेना की तरफ़ इशारा किया गया था.
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकारों को बताया कि गाँव से छह हफ़्ते के भीतर सेना का कैंप हटा लिया जाएगा. बुमाई गाँव के लोगों ने सेना और अर्धसैनिक बलों को हटाने के लिए शनिवार का समय दिया है. ऐसा नहीं होने पर लोगों ने गाँव छोड़ने की धमकी दी है.


Click it and Unblock the Notifications