कांगेस ने आंध्र प्रदेश के वर्तमान सांसदों को दिया टिकट (लीड-1)
कांग्रेस ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिए 55 वर्तमान विधायकों को टिकट न देकर 290 उम्मीदवारों की सूची में 90 नए चेहरों को मौका दिया है। लेकिन राज्य के सभी सांसदों को लोकसभा चुनाव के लिए टिकट दे दिया है। इसमें पांच केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं।
कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने नई दिल्ली में राज्य विधानसभा चुनाव के लिए 290 उम्मीदवारों तथा लोकसभा चुनाव के लिए सभी 42 उम्मीदवारों के नामों की शनिवार को घोषणा की। विधानसभा के चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा बाद में की जाएगी।
मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी के पुत्र वाई. एस. जगमोहन रेड्डी कड़प्पा संसदीय सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मधु याक्षी गौड़ ने कहा, "पांच केंद्रीय मंत्रियों समेत सभी 31 वर्तमान सांसदों को टिकट दिया गया है।"
केंद्रीय मंत्रियों में डी. पुरंदेश्वरी विशाखापत्तनम से, पानाबाका लक्ष्मी बापतला से, रेणुका चौधरी खम्माम से, एम. एम. पल्लमराजू काकीनाड़ा से, एस. जयपाल रेड्डी चेवेल्ला से चुनाव लडें़गे।
कांग्रेस की सूची में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के निष्कासित सांसद ए.नरेंद्र का नाम चौंकाने वाला है। उन्हें पार्टी ने मेडक सीट से उम्मीदवार बनाया है। नरेंद्र स्वयंसेवक संघ से घनिष्ठ संबंधों के लिए जाने जाते हैं। पहले वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में भी रह चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।