कनाडा में युद्ध विरोधी ब्रिटिश सांसद के प्रवेश पर प्रतिबंध
टोरंटो, 21 मार्च (आईएएनएस)। ब्रिटेन के विवादास्पद सांसद और इराक में तैनात ब्रिटिश सैनिकों से जंग नहीं लड़ने की अपील करने वाले जार्ज गैलोवे के कनाडा में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कनाडा ने कहा कि जार्ज देश के लिए खतरा हैं।
जार्ज को वर्ष 2003 में लेबर पार्टी से निकाल दिया गया था। उन्होंने इराक में तैनात ब्रिटिश सैनिकों से युद्ध नहीं करने की अपील की थी। उन्हें आगामी 30 मार्च को कनाडा में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेना है।
लेबर पार्टी से निकाले जाने के बाद जार्ज ने वर्ष 2005 में अपनी पार्टी बनाई और चुनाव में जीत भी दर्ज की। जार्ज कनाडा में प्रतिबंधित संगठन हमास का खुला समर्थन करते हैं।
जार्ज अफगानिस्तान में तालिबान के खिलाफ जंग का भी विरोध करते रहे हैं। कनाडा में उनके प्रवेश पर प्रतिबंध की घोषणा करते हुए आव्रजन मंत्री जैसन कैनी ने कहा कि जार्ज कनाडा की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं क्योंकि वह हमास का समर्थन करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications