कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के लिए 15 और उम्मीदवारों की घोषणा की
नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीटों के तालमेल की संभावना समाप्त हो जाने के बाद कांग्रेस ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के लिए 15 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया।
सपा छोड़ कर पिछले गुरुवार को कांग्रेस में शामिल हुए सलीम शेरवानी का नाम भी प्रत्याशियों की दूसरी सूची में शामिल है।
दूसरी सूची जारी होने के साथ ही उत्तर प्रदेश में कांग्रेस उम्मीदवारों की संख्या 39 पहुंच गई। राज्य में कुल 80 लोकसभा सीटें हैं।
इसके पहले चार मार्च को पार्टी ने उत्तर प्रदेश से 24 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी।
वरिष्ठ सपा नेता व बदायूं से सांसद शेरवानी ने गुरुवार को तब कांग्रेस का दामन थाम लिया, जब सपा ने उन्हें टिकट देने से इंकार कर दिया। कांग्रेस ने उन्हें बदायूं से टिकट दिया है।
कांगेस ने पुष्टि की है कि वी.एम.सिंह पीलीभीत से वरुण गांधी के खिलाफ कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। कांग्रेस ने चंदौली सीट से शैलेंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है। शैलेंद्र सिंह वर्ष 2004 में पुलिस उपाधीक्षक के पद से त्यागपत्र देकर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
इसके अलावा पार्टी ने सहारनपुर से चौधरी गाजे सिंह, बिजनौर से सईद उज्जमां, बागपत से सोमपाल शास्त्री, गौतमबुद्ध नगर से रमेश चंद्र तोमर, शाहजहांपुर से उमेद सिंह, सीतापुर से रामलाल राही, झांसी से प्रदीप जैन, श्रावस्ती से विनय पांडे, बस्ती से बसंत चौधरी, महाराजगंज से हर्षवर्धन सिंह और देवरिया से बालेश्वर यादव को टिकट दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।