भाजपा कोई मंदिर निर्माण करने वाली कंपनी नहीं है : नकवी
भाजपा उपाध्यक्ष नकवी ने गल्फ न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "भाजपा कोई निर्माण कंपनी नहीं है कि वह मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च का निर्माण करे। हम इस बात का समर्थन करते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए लेकिन यह धार्मिक संगठनों की आपसी सहमति और वार्ता के जरिये ही संभव है अथवा अदालत के आदेश के अनुसार।"
नकवी भाजपा के प्रमुख मुस्लिम नेताओं में एक हैं। उत्तर प्रदेश के रामपुर से वे पार्टी के प्रत्याशी भी हैं।
भाजपा की पिछले माह नागपुर में आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठक में राजनाथ सिंह ने कहा था, "राम मंदिर का निर्माण पार्टी की निष्ठा और आस्था से जुड़ा है। हम हर हाल में राम मंदिर का निर्माण कराएंगे।"
नकवी ने कहा, "भाजपा के लिए अयोध्या राजनीतिक मुद्दा नहीं है लेकिन विपक्षी पार्टियां इस बात को लेकर चिंतित रहती हैं और हमें याद दिलाती रहती हैं। वे कहती हैं कि हमने राम मंदिर निर्माण का मुद्दा भुला दिया है। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications