कश्मीर में नागरिकों की हत्या में सेना के जवान दोषी करार (लीड-1)
यह जांच श्रीनगर स्थित सेना की 15वीं टुकड़ी के एक ब्रिगेडियर ने की।
सेना के एक अधिकारी ने कहा, "बारामुला जिले में गत फरवरी महीने में दो नागरिकों की हत्या के मामले में एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) और दो जवानों को दोषी पाया गया है।"
अधिकारी ने कहा, "दोषियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का आदेश दिया गया है। उनके कोर्टमार्शल की प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। उनके ऊपर लगाए गए आरोपों के अनुसार उन्हें कारावास की सजा भी दी जा सकती है।"
सोपोर कस्बे के समीप बुमाई गांव में गत 21 फरवरी को राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों द्वारा की गई गोलीबारी में दो नागरिक मारे गए थे। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था। बाद में सरकार ने घटना की मजिस्ट्रेट द्वारा जांच के आदेश दिए थे।
अधिकारी ने कहा, "यह सजा इस बात को प्रदर्शित करेगी कि सेना में मानवाधिकारों के हनन को नजरअंदाज नहीं किया जाता।"
यह जांच रिपोर्ट ऐसे समय में आई है, जब जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने तीन दिन पहले रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी से मुलाकात की थी।
एंटनी ने उसके बाद भारतीय सेना से 48 घंटे के भीतर एक जांच रिपोर्ट जमा करने को कहा था। भारतीय सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर ने गुरुवार को भरोसा दिलाया था कि दोषी पाए गए सैनिकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications