जदयू ने जार्ज फर्नाडीस के पत्र को फर्जी बताया
ललन सिंह ने शुक्रवार को पटना में पत्रकारों से कहा कि फर्नाडीस जदयू के वरिष्ठ व सम्माननीय नेता हैं और पार्टी के सभी लोग उनका सम्मान करते हैं। फर्नाडीस द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव कथित तौर पर लिखे गए पत्र को फर्जी करार देते हुए उन्होंने कहा कि उनके पुराने हस्ताक्षर और इस पत्र में किए गए हस्ताक्षर बिल्कुल भिन्न हैं। यही कारण है कि उन्हें यह पत्र फर्जी लगता है।
उन्होंने कहा कि फर्नाडीस का स्वास्थ्य काफी खराब है और वह चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं हैं।
फर्नाडीस द्वारा लिखे गए कथित पत्र में कहा गया है कि वह मुजफ्फरपुर से चुनाव लड़ना चाहते हैं तथा उनकी राज्यसभा में जाने की कोई इच्छा नहीं है। उल्लेखनीय है कि पार्टी अध्यक्ष शरद यादव ने फर्नाडीस को पिछले सप्ताह एक पत्र लिखकर उनके स्वास्थ्य को देखते हुए उनसे अनुरोध किया था कि वह लोकसभा चुनाव न लड़े। यादव ने अपने पत्र में उन्हें राज्यसभा में भेजने की बात भी कही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications