लोकसभा में 50 का आंकड़ा भी नहीं पार सकी हैं महिलाएं
आयोग के मुताबिक, "सबसे ज्यादा महिला सांसद 13वीं लोकसभा में थी। उस समय 49 महिलाएं निर्वाचित हुई थीं, जो लोकसभा की कुल सीटों का 9.02 प्रतिशत थी।"
वर्ष 2004 में महिला सांसदों की संख्या घटकर 45 रह गई, जो कुल लोकसभा सीटों का 8.29 प्रतिशत थी।
लोकसभा में सबसे कम महिलाएं 1977 में चुनकर आई थीं। उस समय सिर्फ 19 महिलाएं ही लोकसभा में निर्वाचित होकर आई थी, जो उन दिनों की लोकसभा की कुल सीटों का 3.5 प्रतिशत थी। इसके अलावा कभी ऐसा नहीं हुआ जब महिलाएं 20 की संख्या तक भी नहीं पहुंच सकीं।
आठवीं लोकसभा (1984)में 42, ग्यारहवीं लोकसभा में (1996) 40 और बारहवीं लोकसभा (1998) में 43 महिलाएं चुनकर आई थीं। यानी 1996 से पहले महज एक ही बार लोकसभा में महिलाओं की संख्या 40 तक पहुंच पाई थी।
जहां तक महिला प्रत्याशियों का प्रश्न है 1996 में 599, वर्ष 2004 में 355 और 1991 में 326 महिलाएं चुनाव मैदान में उतरीं। वर्ष 1980 से पहले हमेशा यह संख्या 100 से कम रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*