शशि थरूर ने शुरू किया ऑनलाइन चुनावी अभियान
नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। केरल के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस के उम्मीदवार और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व उप महासचिव शशि थरूर ने शुक्रवार को ऑनलाइन चुनावी अभियान आरंभ किया।
थरूर ने अपनी वेबसाइट 'डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट शशि थरूर डॉट इन' में विस्तार से बताया है कि अगर वे चुनाव जीतते हैं तो क्या-क्या उनकी प्राथमिकताएं होंगी। उन्होंने यह भी बताया है कि वे सांसद पद के लिए तिरुवनंतपुरम की जनता के लिए क्यों सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार साबित हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने गुरुवार को केरल के 16 उम्मीदवारों की सूची की घोषणा की थी। थरूर को तिरुवनंतपुरम से पार्टी का टिकट गया है।
थरूर ने अपनी वेबसाइट के माध्यम से जनता से वादा किया है, "मैं पूरी मेहनत और लगन के साथ आपके लिए काम करूंगा। मैं अपने सिद्धांतों व विश्वासों के प्रति हमेशा अडिग रहूंगा। मैं आपसे कभी झूठ नहीं बोलूंगा और न ही जानबूझ कर आपको कभी गुमराह करूंगा।"
थरूर की यह वेबसाइट अंग्रेजी और मलयालम दोनों भाषाओं में है। इस वेबसाइट पर उनके कई पुराने फोटोग्राफ हैं जिसमें वे विश्व के जाने-माने नेताओं के साथ हैं।
राजनीति में प्रवेश करने के बारे में थरूर कहते हैं, "राजनीति जन सेवा का एक मौका है न कि खुद के विकास का।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications