आडवाणी से मिले संगमा
नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष पी. ए. संगमा ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात की। संगमा ने मेघालय में राष्ट्रपति शासन लगाने के फैसले के विरोध में आडवाणी से समर्थन मांगा है।
आडवाणी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से चर्चा में संगमा ने कहा, "आडवाणी से मुलाकात कर मैंने उन्हें मेघालय की मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति से अवगत कराया। हमने पूर्वोत्तर के राज्यों में भाजपा का समर्थन मांगा है।"
उल्लेखनीय है कि राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने के केंद्र सरकार के फैसले से संगमा नाराज हैं।
यह पूछे जाने पर कि उनकी पार्टी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) में शामिल हैं तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, "यह संप्रग और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का सवाल नही है। यह मेघालय की जनता से जुड़ा सवाल है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications