माया ने दारोगा से रंगदारी मांगने के आरोपी सीतापुर प्रत्याशी का टिकट काटा
ज्ञात हो कि सीतापुर के लहरपुर थाना प्रभारी सुभाष तिवारी ने बसपा प्रत्याशी बुनियाद हुसैन अंसारी पर टिकट के नाम पर 20 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया था। थाना प्रभारी ने इसका विवरण (तस्करा) थाने की जनरल डायरी (जीडी) में दर्ज किया था।
इस घटना के बाद पार्टी की किरकिरी न हो इसलिए बसपा प्रमुख मायावती ने बुनियाद हुसैन का टिकट काट दिया। बसपा प्रमुख मायावती ने शुक्रवार को लखनऊ में लोकसभा के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए कहा कि अब सीतापुर से अंसारी की जगह कैसर जहां बपसा की प्रत्याशी होंगी।
लहरपुर थाना प्रभारी सुभाष तिवारी ने गत 20 जनवरी को जनरल डायरी (जीडी) पर रपट नंबर 34 में तस्करा दर्ज किया था। तस्करा में कहा गया है कि अंसारी ने थाने के मोबाइल नंबर पर फोन कर 20 हजार रुपए की मांग की और कहा कि उन्होंने पैसे देकर टिकट खरीदा है अगर तुम पैसा नहीं दोगे तो तुम्हें यहां रहने नहीं दूंगा। तुम्हारा स्थानांतरण करा दूंगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications