पाकिस्तानी आतंकवादी कोलकाता में गिरफ्तार
कोलकाता, 19 मार्च (आईएएनएस)। कोलकाता पुलिस ने गुरुवार को एक संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। वह बांग्लादेश से पश्चिम बंगाल होते हुए जम्मू एवं कश्मीर जाने की तैयारी में था।
विशेष कार्रवाई दस्ता (एसटीएफ) के विशेष अतिरिक्त आयुक्त राजीव कुमार ने लालबाजार स्थित पुलिस मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि एसटीएफ ने सेंट्रल कोलकाता के फेयरली प्लेस से पाकिस्तानी आतंकवादी शाहबाज इस्माइल को गिरफ्तार किया है।
कुमार ने कहा कि इस्माइल भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए आया था।
उन्होंने कहा कि पूछताछ में इस्माइल ने बताया है कि वर्ष 2005 से 2008 तक वह पाकिस्तान के अर्धसैनिक बल पाकिस्तान रेंजर्स में जवान था। वह इस दौरान सियालकोट में तैनात था। उसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी और आतंकवादी संगठन में शामिल हो गया।
कुमार ने कहा कि अभी हम आतंकवादी संगठन के नाम का खुलासा नहीं कर रहे हैं क्योंकि इससे जांच प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि इस्माइल ने अपना पासपोर्ट ढाका में छोड़ दिया और वहां से कुछ दिन पहले मालदा सीमा से पश्चिम बंगाल में प्रवेश किया। वह मुर्शिदाबाद जिले से गुरुवार की सुबह कोलकाता पहुंचा।
उन्होंने कहा कि इस्माइल को उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब वह फेयरली प्लेस रेलवे स्टेशन जम्मू के लिए टिकट खरीदने गया। उसके पास से बांग्लादेशी सिम कार्ड और कई अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
कुमार ने कहा कि इस्माइल से फिलहाल आतंकवादी संगठनों, भारत आने के उद्देश्यों आदि के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications