हिंदू लड़कियों से बलात्कार की घटना वरुण की दिमागी उपज थी: पुलिस अधिकारी
पीलीभीत, 19 मार्च (आईएएनएस)। कुछ समय पहले तक पीलीभीत जिले के पुलिस प्रमुख रहे भारतीय पुलिस सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता वरुण गांधी ने जिले में कुछ समय पहले हिंदू लड़कियों से बलात्कार का जो मामला उठाया गया था, वह पूरी तरह बेबुनियाद और उनकी अपनी दिमागी उपज था।
अपना नाम जाहिर नहीं होने देने की शर्त पर उक्त पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "वरुण ने हिंदू लड़कियों से बलात्कार का मामला जानबूझकर उठाया था जबकि उस वक्त जिले में ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं थी। वरुण ने जो आधे दर्जन मामले उठाए थे, उनमें पीड़ित पक्ष हिंदू समुदाय से ताल्लुक रखता था और हर मामले में उचित कार्रवाई की गई थी।"
अधिकारी के मुताबिक वरुण ने एक सोची-समझी साजिश के तहत हिंदू लड़कियों से बलात्कार का मामला उठाया था। उन्होंने कहा, "हिंदू लड़कियों से बलात्कार का मामला उठाकर वरुण जिले के तमाम हिंदुओं का वोट हासिल करना चाहते थे। जाहिर तौर पर उनका मकसद जिले में सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने का था।"
इधर, जिले के अग्रणी राजनीतिज्ञों और पुलिस अधिकारियों ने वरुण के उन दावों का खंडन किया है कि पीलीभीत में हिंसा बढ़ी है और यह स्थान सांप्रदायिक लिहाज से भी सुरक्षित नहीं है। राजनीतिज्ञों और अधिकारियों का कहना है कि जिले का इतिहास कभी भी हिंसक या सांप्रदायिक नहीं रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications