गांधीनगर में आडवाणी को चुनौती देंगी मल्लिका साराभाई (लीड-1)
मल्लिका ने एक पत्रकार वार्ता में चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए कहा, "आडवाणी जैसी शख्सियत को कड़ी टक्कर देने के लिए मैं चुनाव लड़ रही हूं। मेरा जन्म और लालन पालन गुजरात में हुआ है इसलिए मैंने गांधीनगर संसदीय सीट से चुनाव लड़ने का फैसला किया है।"
उन्होंने कहा, "मैं गांधीनगर से बतौर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ूंगी। मैं धर्मनिरपेक्ष ताकतों का प्रतिनिधित्व करूंगी।"
मल्लिका ने कहा, "आज की राजनीति में कोई भी जनता की नहीं सुनता है। इसलिए मैंने 'फ्रैंड्स फॉर डेमोक्रेसी' के बैनर तले लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया। सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता ने मुझसे चुनाव लड़ने को कहा इसलिए मैं चुनाव लड़ रही हूं। मैं कोई राजनीतिज्ञ नहीं हूं। मैं सिर्फ गुजरात और देश की जनता के अधिकारों के लिए चुनाव लड़ रही हूं।"
उल्लेखनीय है कि मल्लिका साराभाई गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रखर आलोचकों में रही हैं, खासकर गुजरात दंगों को लेकर। गुजरात दंगों के पीड़ितों के समर्थन और मोदी सरकार के खिलाफ उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय में जनहित याचिका भी दायर की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications