कर्नाटक के हिंसाग्रस्त पुत्तुर शहर में पुलिसबल तैनात
बुधवार को यहां दो गुटों के बीच हिंसक झड़पें हुई थी। इससे पूर्व मंगलवार को कुछ लोगों ने तीन लड़कों को खदेड़ कर इस कारण पीटा था क्योंकि वे बस में दो महिलाओं से बातचीत कर रहे थे। बाद में पता चला कि दोनों महिलाएं इन तीनों लड़कों की शिक्षिका थी।
इन तीनों लड़कों को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम समझकर पीटा था, जबकि तीन में दो हिंदू थे और एक ईसाई था।
यह खबर लोगों तक पहुंचने के बाद अल्पसंख्यक समुदाय के लोग पुत्तुर पुलिस स्टेशन पहुंच गए और हमला करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करने लगे। इसके बाद शहर में दो समुदायों के गुटों के बीच झड़पें शुरू हो गई।
इसी मसले को लेकर बुधवार को दो गुटों के बीच झड़पें हुई थी। पुलिस अधिकारी ए.सुब्रमणेश्वर राव ने आईएएनएस से कहा कि शहर में स्थिति में नियंत्रण में है लेकिन वहां पुलिस की 18 प्लाटूनों को तैनात किया गया है।
राव ने कहा कि युवकों पर हुए हमले के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications