सीआईए प्रमुख ने चिदंबरम से सुरक्षा सहयोग पर चर्चा की
नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। भारत यात्रा पर आए अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के प्रमुख लियोन पानेटा और गृह मंत्री पी. चिदंबरम के बीच गुरुवार को यहां हुई बैठक में आतंकवाद, पाकिस्तान में अशांति और सुरक्षा मामलों में सहयोग के मसलों पर विशेष रूप से चर्चा हुई।
मुंबई पर गत 26 नवंबर को हुए आतंकवादी हमलों के बाद भारत दौरे पर आने वाले पानेटा तीसरे वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी हैं। उन्होंने चिदंबरम के साथ नार्थ ब्लॉक में करीब आधे घंटे तक बातचीत की। दोनों पक्षों ने आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष में सहयोग के नए तरीके तलाशने पर चर्चा की।
सीआईए ने भारत को सितंबर में मुंबई पर हमले की आशंका का सुराग दिया था। इससे पहले जुलाई में सीआईए ने काबुल में भारतीय दूतावास पर हमले की आशंका व्यक्त की थी।
पानेटा ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम.के.नारायणन, रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ)के.सी. वर्मा और गुप्तचर ब्यूरो के निदेशक राजीव माथुर के साथ भी बैठके कीं।
पानेटा से पहले अमेरिका के राष्ट्रीय गुप्तचर विभाग के निदेशक जॉन माइकल मैक्कॉनेल ने गत दिसंबर में भारत की यात्रा की थी। इसके अलावा इसी महीने के आरंभ में एफबीआई प्रमुख रॉबर्ट मुल्लेर भी भारत दौरे पर आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications