बिहार में 158 सहायक मतदान केंद्र भी होंगे
राज्य के उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कुमार अंशुमाली ने गुरुवार को बताया कि कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग का निर्देश था कि प्रत्येक गांव में एक-एक मतदान केंद्र बनाया जाएगा, परंतु इसमें कम से कम 300 मतदाता होने चाहिए। हालांकि एक मतदान केंद्र में अधिकतम मतदाताओं की संख्या 1500 निर्धारित की गई थी।
अंशुमाली के अनुसार मतदाताओं की संख्या बढ़ने के कारण राज्य में लगभग 1000 ऐसे मतदान केंद्र हो गए जहां 1500 से अधिक मतदाता हैं। ऐसे में राज्य निर्वाचन विभाग ने निर्वाचन आयोग से 1600 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों पर सहायक मतदान केंद्र बनाने की अनुमति मांगी थी।
उन्होंने बताया कि इससे मतदान केंद्रों की संख्या में वृद्घि नहीं होगी। सहायक मतदान केंद्र मुख्य मतदान केंद्र के पास ही होगा तथा उसके क्रमांक में केवल मुख्य मतदान केंद्र की क्रम संख्या के साथ 'अ' जोड़ दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राज्य में करीब पांच करोड़ 43 लाख मतदाता हैं तथा कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 56,943 है। अब इनमें 158 सहायक मतदान केंद्र और जुड़ जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications