साधू यादव ने थामा कांग्रेस का हाथ

यादव ने कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे और इकबाल सिंह के साथ यहां आयोजित एक पत्रकार वार्ता में संवाददाताओं को बताया, “मैं कांग्रेस में शामिल हो चुका हूं। मैंने उन्हें अपनी शिकायतें बता दी हैं। मैं हर हाल में चुनाव लड़ूंगा, लेकिन कहां से और कैसे लड़ूंगा इसका निर्णय पार्टी हाईकमान को करना है"।
साधु यादव ने राजद अध्यक्ष पर लोजपा और रामविलास के सामने घुटने टेकने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह लोजपा को आवंटित बेतिया और मोतिहारी सीटों से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा ''राजद और लोजपा के बीच सीटों के बंटवारे का यह समझौता बीच में ही टूट जाएगा।''
साधु यादव ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा '' मैं एक निवर्तमान सांसद हूं और चुनाव जीतता रहा हूं जबकि पिछली बार चुनाव हारने वाले प्रकाश झा के लिए लालू प्रसाद लोजपा और रामविलास के सामने झुक गए हैं।
उन्होंने कहा कि बेतिया सीट से एक ऐसे व्यक्ति को लोजपा की ओर से चुनाव में उतारा जा रहा है जिसने राजद परिवार के खिलाफ 'अपहरण' फिल्म बनाई थी। साधू यादव ने टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी में पैसे के खेल का भी आरोप लगाया।
लालू यादव से घनिष्ठ रिश्ता होने के सवाल पर साधू ने कहा, “राजनीति में कोई रिश्ता नहीं होता। मैं जो कर रहा हूं, उसका मेरे निजी रिश्ते के साथ कोई ताल्लुक नहीं है"।


Click it and Unblock the Notifications