'चरमपंथियों के लिए निमंत्रण है पाकिस्तान की अनिश्चितता'
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 18 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान में व्याप्त राजनीतिक अनिश्चितता से अफरा-तफरी का माहौल तैयार हो रहा है जो देश को अस्थिर करने का मंसूबा रखने वाले इस्लामी चरमपंथियों को दावत दे रहा है। यह चेतावनी अमेरिका के एक प्रमुख विश्लेषक ने दी है।
हैरीटेज फाउंडेशन में एशियन स्टडीज सेंटर की वरिष्ठ शोधकर्ता लीसा कर्टिस ने कहा है, "अमेरिकी रणनीतिकारों के लिए पाकिस्तान के तनावपूर्ण हालात पहले से ही चुनौती की तरह थे और वर्तमान राजनीतिक संकट ने इस अनिश्चितता को और बढ़ा दिया है।"
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा परमाणु शक्ति हासिल किए जाने के बाद से वहां व्याप्त अनिश्चितता खासतौर पर दुनियाभर में चिंता का सबब बनी हुई है।
कर्टिस ने चेतावनी दी कि मौजूदा राजनीतिक अस्थिरता पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में जड़ें फैला रहे तालिबानीकरण समेत देश की विविध चुनौतियों से निपटने से सरकार का ध्यान हटा रही है।
ताजा राजनीतिक संकट से पहले भी सरकारी सुरक्षा बल तालिबान की नकेल कसने में विफल रहे थे। उन्होंने चेतावनी दी कि अल कायदा के समर्थन वाले चरमपंथी राजनीतिक अस्थिरता और जनता में व्याप्त असंतोष का फायदा उठा सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications