पहचाने गए बीडीआर प्रमुख के हत्यारे
ढाका, 18 मार्च (आईएएनएस)। बांग्लादेश में पिछले महीने बांग्लादेश राइफल्स(बीडीआर) में बगावत के दौरान उसके प्रमुख मेजर जनरल शकील अहमद और 55 सैन्य अधिकारियों को मौत की नींद सुलाने वाले तीन सुरक्षाकर्मियों की शिनाख्त कर ली गई है।
बीडीआर के बंदी बनाए गए इन तीनों सुरक्षाकर्मियों की शिनाख्त बगावत में शामिल अन्य सुरक्षाकर्मियों ने कराई है। इनसे टॉस्कफोर्स फॉर इंटेरोगेशन(टीएफआई) प्रकोष्ठ में कड़ी पूछताछ की जा रही है।
समाचार पत्र 'डेली स्टार' के अनुसार, "पूछताछ में अभी तक किसी ने भी उन लोगों के नाम नहीं बताए हैं, जिन्होंने गोलीबारी शुरू की थी। हालांकि ऐसा लगता है कि वे उन्हें जानते हैं।"
एक जांच अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया, "हमने बीडीआर प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारियों को मौत की नींद सुलाने वाले कम से कम दो अन्य व्यक्तियों की शिनाख्त कर ली है।"
वे तीनों हिरासत में हैं। हालांकि उन्होंने इन तीनों के नाम का खुलासा नहीं किया। जनरल शकील की पत्नी की हत्या करने वाले बीडीआर कर्मी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांचकर्ता ने बताया कि अब तक करीब 650 सुरक्षाकर्मियों के विद्रोह में शामिल होने का पता चला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications