पीलीभीत में अधिकारियों पर गिरी गाज (लीड-1)
बुधवार को लखनऊ स्थित राज्य चुनाव आयोग के उप मुख्य चुनाव अधिकारी अमृत अभिजीत पीलीभीत के जिलाधिकारी महेन्द्र अग्रवाल और पुलिस प्रमुख आर.के. चतुर्वेदी का तबादला कर दिया है। दूसरी ओर पीलीभीत के अपर जिलाधिकारी एस.एस. कमाल और अपर पुलिस अधीक्षक कुशहर सौरभ निलंबित कर दिए गए हैं।
आयोग ने माना है कि भाजपा प्रत्याशी वरूण गांधी के भड़काऊ भाषण मामले में इन अधिकारियों ने अपनी जिम्मेवारियों का निर्वाह सही ढंग से नहीं किया।
अभिजीत ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी और पीलीभीत से भाजपा प्रत्याशी वरुण गांधी को भी नोटिस दिया है कि आचार संहिता का पालन क्यों नहीं किया गया। दोनों को जवाब देने के लिए आगामी 20 मार्च को दिन में 11 बजे तक का समय दिया गया है।
अभिजीत ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी वरुण गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में भारतीय दंड विधान की धारा 505 (2) और 295 भी जोड़ी जाए। उनके खिलाफ दंड विधान की धारा-153 (ए) और 188 तथा जनप्रतिनिधि कानून की धारा-125 के तहत मामला दर्ज हुआ है।
इसी बीच चुनाव आयोग ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से कहा है कि वह वरुण गांधी की सभी चुनावी रैलियों की वीडियो ट्रैकिंग की व्यवस्था करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications