बिहार में सभी दलों में टिकट की दावेदारी को लेकर बगावत की आहट
जनता दल युनाइटेड (जदयू) के टिकट पर कई नेता चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हैं। पार्टी के विधान पार्षद बाल्मीकी सिंह पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहते हैं। पार्टी के सूत्रों की मानें तो इस सीट से पार्टी डा़ रंजन प्रसाद यादव को चुनाव लड़ना चाहती है। ऐसे में बाल्मीकी सिंह बगावती तेवर अपना सकते हैं। उन्होंने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि अगर पार्टी टिकट नहीं देती है तो वह निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरेंगे।
राज्य के कृषि मंत्री नागमणि भी उजियारपुर संसदीय क्षेत्र से अपनी पत्नी सुचित्रा सिन्हा को चुनाव लड़ाना चाहते हैं। उनका कहना है कि वे अगर निर्दलीय भी वहां से चुनाव लड़ेंगी तो जीत जाएंगी। इस बीच उनके समर्थकों ने बुधवार को पार्टी पर दबाव बनाने के लिए पार्टी कार्यालय में प्रदेश जदयू अध्यक्ष ललन सिंह की प्रेस कांफ्रेंस में जमकर हंगामा किया।
पार्टी के एक और विधान पार्षद रामबदन राय भी मुंगेर सीट को लेकर ताल ठोंक रहे हैं परंतु जदयू के एक नेता की मानें तो वहां से पार्टी अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का नाम तय माना जा रहा है।
उधर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में सीटों के बंटवारे के बाद ही भूचाल आ गया है। राजद सांसद साधु यादव और रमई राम ने पहले ही बगावत कर दी है। पूर्व सांसद रमा देवी के बगावती तेवर ने भी राजद को प्रत्याशी घोषणा के पूर्व संशय की स्थिति में खड़ा कर दिया है।
रमा देवी पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) में 13 मार्च को रैली कर यह घोषणा कर चुकी है कि पार्टी अगर उन्हें यहां से टिकट नहीं देती है तो वे निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी। पूर्वी चम्पारण से केन्द्रीय मंत्री और राजद नेता अखिलेश प्रसाद सिंह सांसद हैं। रमा देवी ने दूरभाष पर आईएएनएस को बताया कि पार्टी टिकट दे या नहीं द,े जनता उन्हें टिकट दे चुकी है।
उधर, कांग्रेस में राजद और लोक जनशक्ति पार्टी द्वारा सीटों के तालमेल के बाद कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता दिल्ली में कैम्प कर रहे हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में राज्य के प्रतिनिधि उमाकांत सिंह ने आईएएनएस को बताया कि कांग्रेस अब बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications