आडवाणी के लिए प्रचार करूंगी : उमा भारती
नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनशक्ति पार्टी की नेता उमा भारती ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के नेता लालकृष्ण आडवाणी के देश का अगला प्रधानमंत्री बनने का वह सिर्फ समर्थन ही नहीं करती, बल्कि आगामी लोकसभा चुनावों में गैर भाजपा सरकारों वाले राज्यों में उनके लिए प्रचार भी करेंगी।
भारती ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मैं आगामी लोकसभा चुनावों में आडवाणी जी के लिए प्रचार भी करूंगी और यदि मैं उनके लिए एक मत भी जुटा सकी तो खुद को खुशकिस्मत समझूंगी।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पद के लिए देश में आडवाणी जी से बेहतर कोई राजनीतिज्ञ नहीं है।
इससे पहले मंगलवार को आडवाणी को लिखे पत्र में भारती ने कहा था कि वह देश का अगला प्रधानमंत्री बनने में उनका समर्थन करेंगी।
उन्होंने पत्र में कहा है, "मैंने तय किया है कि मैं आपके प्रधानमंत्री बनने की राह में रोड़ा नहीं बनूंगी। मैं चाहती हूं कि आप प्रधानमंत्री बने और गंभीर राष्ट्रीय मसलों का समाधान करें।"
भारती को वर्ष 2004 में भाजपा से निलंबित कर दिया गया था लेकिन आरएसएस के दबाव में मई 2005 में उनका निलंबन समाप्त कर दिया गया था। शिवराज सिंह चौहान की मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रूप में नियुक्ति का विरोध करने पर एक साल बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications