योगी आदित्यनाथ की हिंदुत्ववादी छवि को भुनाने में जुटी भाजपा
पिछले दिनों योगी के ऊपर हुए हमले के विरोध में पूर्वाचल में लोग सड़कों पर उतर आए थे। इससे यह साबित हो गया कि प्रदेश भाजपा के भीड़ बढ़ाने वाले नेताओं में योगी का नाम सबसे ऊपर है। सूत्रों के मुताबिक इस घटना के बाद भाजपा ने उन्हें प्रदेशभर में घुमाने का निर्णय लिया था।
गोरखपुर से चुनाव लड़ रहे योगी आदित्यनाथ का चुनाव पहले ही चरण में निपट जाने से भाजपाइयों की राह और आसान हो गई है। 23 अप्रैल के बाद भाजपा योगी को प्रदेश भर में घुमाकर प्रचार करवाएगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक उन्हें प्रदेश से बाहर भी ले जाने की योजना है और इसके लिए हेलीकाप्टर भी बुक करा लिया गया है।
भाजपा के प्रदेश इकाई के प्रवक्ता एच. एन. दीक्षित ने आईएएनएस से कहा कि प्रचार में योगी का उपयोग पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, महासचिव अरुण जेटली और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज जैसे आला नेताओं की तरह किया जाएगा। योगी के लिए हेलीकाप्टर बुक कराने के सवाल पर टालमटोल करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि बड़े नेताओं के लिए हेलीकाप्टर तो बुक कराए ही जाते हैं।
प्रदेश भाजपा में योगी के कद का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पूर्वाचल में पार्टी ने बस्ती, कुशीनगर, खलीलाबाद, महारागंज, आजमगढ़ और बांसगांव लोकसभा सीटों पर उनकी इच्छा के अनुसार टिकट दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications